
सिरमौर में चिट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में 6.55 ग्राम नशा बरामद
पांवटा साहिब/पुरुवाला। सिरमौर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। पुरुवाला और पांवटा साहिब पुलिस ने कुल 6.55 ग्राम चिट्टे के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 21 नवंबर को पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने की। पुलिस टीम कुंजा मतरालियों के पास गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि सियांरी निवासी अजय शर्मा और वसोग निवासी मदन सिंह चिट्टे की बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों की तलाशी ली, जिसमें कुल 2.57 ग्राम स्मैक/चिट्टा बरामद हुआ।

वहीं, दूसरी कार्रवाई पांवटा साहिब में गीता भवन मंदिर के नजदीक पाल जूस कॉर्नर के पास की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र के मटकमाजरी निवासी आरिफ उर्फ बिलाल चिट्टा लेकर एमसी पार्क की ओर आ रहा है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 3.98 ग्राम स्मैक/चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुरुवाला पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में गिरफ्तारी के संबंध में अजय शर्मा का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है, जबकि मदन सिंह के संबंध में गिरफ्तारी की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
