
सराहां को मिली पेट्रोलियम सुविधा की सौगात, नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ; अस्पताल में जल्द तैनात होंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
सराहां क्षेत्र के लोगों को अब पेट्रोलियम उत्पादों के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान, नए फिलिंग स्टेशन से स्थानीय लोगों और राहगीरों को मिलेगी सुविधा। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन करने के साथ क्षेत्र को स्वास्थ्य और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगातों का भी आश्वासन दिया।
सराहां (सिरमौर)। उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सराहां में नगरकोटी फिलिंग स्टेशन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फिलिंग स्टेशन शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मंत्री ने फिलिंग स्टेशन के शुभारंभ पर संचालकों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यहां उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलती है और स्थानीय स्तर पर विकास को भी गति मिलती है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके तहत स्वरोजगार, कृषि, बागवानी, पशुपालन, लघु उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण आबादी की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के साथ प्रदेश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
टीजीटी भर्ती में सिरमौर के 102 युवाओं ने हासिल की सफलता
शिक्षा के क्षेत्र में सिरमौर जिले की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि जिले में लगातार सुधारात्मक प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हाल ही में टीजीटी के 400 पद भरे गए, जिनमें से 102 पदों पर सिरमौर के अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
इसी तरह सीबीएसई के 84 पदों पर हुई भर्ती में सिरमौर के 22 युवाओं का चयन हुआ। इनमें से 14 पदों पर अकेले शिलाई क्षेत्र के युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने इसे जिले और विशेषकर शिलाई क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।
तीन माह में पूरा होगा आईटीआई भवन, अस्पताल में मिलेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सराहां क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि सराहां अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के भवन का निर्माण कार्य अगले तीन माह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।
इससे पहले फिलिंग स्टेशन के मालिक बाबूराम शास्त्री ने मुख्य अतिथि हर्षवर्धन चौहान सहित कार्यक्रम में पहुंचे अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिलिंग स्टेशन पर उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, पच्छाद की उपमंडल अधिकारी प्रियंका चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
