Home क्राइम बीबीएन में नकली दवाओं का बड़ा खुलासा: 5 साल में 12 मामले, 22 गिरफ्तार; नामी कंपनियों के ब्रांड की आड़ में चल रहा खेल

बीबीएन में नकली दवाओं का बड़ा खुलासा: 5 साल में 12 मामले, 22 गिरफ्तार; नामी कंपनियों के ब्रांड की आड़ में चल रहा खेल

by Dainik Janvarta
0 comment

बीबीएन में नकली दवाओं का गुप्त कारोबार बेनकाब, 5 साल में 12 मामले और 22 गिरफ्तारियां; नामी कंपनियों के ब्रांड की हो रही नकल

बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में दवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। नामी फार्मा कंपनियों के ब्रांड की आड़ में नकली दवाएं तैयार कर उन्हें देशभर के बाजारों तक पहुंचाने का नेटवर्क सक्रिय है।

सोलन। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में नकली दवाओं का अवैध कारोबार चिंता का विषय बनता जा रहा है। पिछले पांच वर्षों के दौरान पुलिस और संबंधित विभागों ने ऐसे 12 मामलों का खुलासा करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद छोटे और गुप्त ठिकानों पर चल रही अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।

जानकारी के अनुसार, इस कारोबार में शामिल गिरोह नामी दवा कंपनियों के ब्रांड से मिलते-जुलते पैकेजिंग मैटेरियल, एल्युमिनियम फॉयल और लेबल तैयार करवाते हैं। इसके बाद रिहायशी कॉलोनियों में किराये पर कमरे लेकर छोटी मशीनों की मदद से बिना लाइसेंस दवाएं बनाई जाती हैं। इन गुप्त ठिकानों पर निर्माण के लिए आवश्यक औषधीय तत्वों के बजाय चॉक पाउडर, कैल्शियम और मैदा जैसे सस्ते पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।

नकली दवाओं के इस नेटवर्क में केवल गोलियां तैयार करना ही शामिल नहीं है। महंगी जीवनरक्षक दवाओं की खाली शीशियों में साधारण पानी भरकर दोबारा सील करने और एक्सपायर हो चुकी दवाओं पर नए लेबल लगाने जैसी गतिविधियां भी सामने आई हैं। पैकिंग पर असली कंपनियों के रैपर, होलोग्राम और क्यूआर कोड की नकल की जाती है, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ दवा विक्रेताओं के लिए भी असली और नकली उत्पाद में अंतर करना मुश्किल हो जाता है।

कम लागत में हजारों का मुनाफा

इस अवैध कारोबार में मुनाफे का अंतर काफी बड़ा है। जानकारी के मुताबिक, महज 100 से 200 रुपये की लागत में तैयार की जाने वाली नकली दवाओं को 1,500 से 2,000 रुपये तक की एमआरपी पर बाजार में बेचा जाता है। अधिक कमीशन कमाने के लालच में कुछ विक्रेताओं द्वारा बिना पक्के बिल के ऐसी दवाओं की बिक्री किए जाने की आशंका भी जताई गई है।

छोटे कमरों से देशभर तक पहुंच रहा नेटवर्क

नकली दवाओं को दूसरे राज्यों में भेजने के लिए कथित तौर पर फर्जी बिलों और असली दवाओं की खेप का सहारा लिया जाता है। बिचौलियों और छोटे थोक विक्रेताओं के माध्यम से नकली स्टॉक को वास्तविक दवाओं के साथ मिलाकर बाजार तक पहुंचाया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनधिकृत दवा विक्रेताओं और ऑनलाइन माध्यमों से भी इनकी बिक्री की आशंका है।

हाल ही में उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जांच में घटिया दवाओं के तार नालागढ़ के राजपुरा क्षेत्र से जुड़े थे। इसके बाद एक किराये के मकान से नकली दवाएं और पैकिंग से संबंधित सामग्री बरामद की गई थी। इस कार्रवाई ने बीबीएन में सक्रिय अवैध दवा निर्माण के नेटवर्क को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी, मकान मालिकों से भी अपील

एसपी बद्दी विनोद धीमान के अनुसार, पुलिस नशीली और नकली गोलियां बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह का अवैध कारोबार अक्सर छोटे कमरों में बिना लाइसेंस के संचालित किया जाता है। उन्होंने मकान मालिकों से अपील की कि वे किसी को भी परिसर किराये पर देने से पहले उसकी पहचान, पुलिस सत्यापन और गतिविधियों की पूरी जानकारी अवश्य लें। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

राज्य दवा नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने भी स्पष्ट किया कि बीबीएन में बिना लाइसेंस दवाओं का निर्माण करने वाले कई आरोपी पकड़े गए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

नकली दवाओं से उद्योग की साख पर असर

फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के प्रदेशाध्यक्ष चिरंजीव ठाकुर ने कहा कि नकली दवाओं का कारोबार बीबीएन की औद्योगिक छवि और यहां निर्मित ब्रांडेड दवाओं की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने सरकार से नियमित निरीक्षण बढ़ाने और दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की खुले बाजार में बिक्री पर नियंत्रण लगाने की मांग की।

वहीं, उद्योगपति एसके गर्ग के अनुसार, इस अवैध कारोबार से नियमों का पालन कर रही वास्तविक फार्मा कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

बीबीएन देश के प्रमुख फार्मा उत्पादन केंद्रों में शामिल है। ऐसे में यहां नकली दवाओं के नेटवर्क का सामने आना न केवल मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता है, बल्कि वैध दवा उद्योग की प्रतिष्ठा के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। अवैध निर्माण के ठिकानों के साथ-साथ आपूर्ति और बिक्री की पूरी श्रृंखला पर निगरानी मजबूत करना जरूरी है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.