Home प्रशासन हिमाचल के उद्योगों में 80% नौकरियां स्थानीय युवाओं को! विधानसभा में विधेयक पास, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

हिमाचल के उद्योगों में 80% नौकरियां स्थानीय युवाओं को! विधानसभा में विधेयक पास, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल के उद्योगों में अब 80% नौकरियां स्थानीय युवाओं के लिए होंगी, विधानसभा से विधेयक पास

सिंगल विंडो सिस्टम से मिलेगी उद्योग लगाने की मंजूरी, रोजगार की शर्त तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई

धर्मशाला (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में उद्योग लगाने वाले निवेशकों के लिए अब स्थानीय युवाओं को रोजगार देना महज एक सरकारी अपील नहीं, बल्कि कानूनी जिम्मेदारी बनने जा रही है। प्रदेश में स्थापित होने वाले उद्योगों में 80 फीसदी रोजगार हिमाचलियों को देना अनिवार्य करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।

शनिवार को विधानसभा में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल प्रदेश विनिधान, संवर्धन और सरलीकरण विधेयक-2026 सदन में प्रस्तुत किया। चर्चा के बाद विधानसभा ने इस विधेयक को पारित कर दिया। इसके तहत उद्योगों को प्रदेश के स्थानीय लोगों के लिए 80 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करना होगा। निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने पर संबंधित उद्योगों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई का रास्ता भी खुलेगा।

सिंगल विंडो से आसान होगी उद्योग स्थापना की प्रक्रिया

नए विधेयक में प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ मंजूरी की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी जोर दिया गया है। उद्योग स्थापित करने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से स्वीकृतियां प्रदान की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य उद्योगों को एक व्यवस्थित कानूनी ढांचे में लाना और निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाना है।

भाजपा विधायक ने उठाए नए कानून की जरूरत पर सवाल

विधेयक पर चर्चा के दौरान भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने इसकी आवश्यकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2019 से उद्योग नीति लागू है और उद्योगों को पहले से ही सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से मंजूरी मिलती रही है। ऐसे में नए कानून की जरूरत क्यों पड़ी।

इस पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्पष्ट किया कि देश के विभिन्न राज्यों में उद्योगों के संचालन और निवेश को लेकर अलग-अलग कानूनी व्यवस्थाएं हैं। हिमाचल में भी औद्योगिक गतिविधियों को कानूनी दायरे में लाने के उद्देश्य से नया एक्ट लाया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में भी इस तरह का कानून तैयार किया गया था, लेकिन तत्कालीन सरकार इसे लागू नहीं कर सकी। वर्तमान सरकार ने प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए यह विधेयक सदन में प्रस्तुत किया है।

खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड संशोधन विधेयक भी पारित

विधानसभा में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड संशोधन विधेयक-2026 भी पेश किया। सदन ने इसे बिना चर्चा के पारित कर दिया। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश जल विश्वास उपबंधों का संशोधन विधेयक-2026 को भी मंजूरी प्रदान की गई।

नगर पालिका और नगर निगम से जुड़े विधेयकों को भी मंजूरी

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अनुपस्थिति में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने हिमाचल प्रदेश नगर पालिका संशोधन विधेयक और हिमाचल प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक-2026 सदन में प्रस्तुत किए। दोनों विधेयकों को बिना चर्चा और विरोध के पारित कर दिया गया।

सील्ड मार्गों के आसपास रहने वालों को तीन साल का वाहन परमिट

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला की सड़कों का उपयोग करने वाले लोगों और पैदल यात्रियों की लोक सुरक्षा एवं सुविधा से संबंधित तृतीय संशोधन विधेयक-2026 सदन में पेश किया। इसके प्रावधानों के अनुसार सील्ड मार्गों के आसपास रहने वाले लोगों को अपने वाहनों के लिए तीन साल की अवधि का परमिट मिल सकेगा। विधानसभा ने इस विधेयक को भी बिना चर्चा के पारित कर दिया।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.