
सतौन में बाइक सवार दो व्यक्ति 1 किलो 125 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार
SIU नाहन की टीम ने कमरऊ-सतौन मार्ग पर रोकी मोटरसाइकिल, दोनों आरोपी बोहल गांव के निवासी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सतौन क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को एक किलो से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को SIU नाहन की टीम सतौन बस स्टैंड के समीप गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि टीकाराम और मायाराम शिलाई, सतौन तथा आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चरस बेचने के धंधे में संलिप्त हैं। सूचना में बताया गया कि दोनों मोटरसाइकिल नंबर HP85AA-0305 पर कमरऊ की तरफ से सतौन की ओर आ रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कमरऊ की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया। पुलिस कर्मियों की सहायता से बाइक को रोककर उस पर सवार दोनों व्यक्तियों को काबू किया गया।
पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक की पहचान मायाराम पुत्र स्वर्गीय खजान सिंह तथा पीछे बैठे व्यक्ति की पहचान टीकाराम पुत्र संतराम के रूप में हुई। दोनों गांव बोहल, डाकघर एवं तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से कुल 1 किलो 125 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद मायाराम और टीकाराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस थाना पुरुवाला में दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
