
रेणुका मेले में गूंजे सिरमौर की लोकसंस्कृति के स्वर, छह बुडाह नृत्य दलों ने बांधा समां
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों और वीरगाथाओं के गायन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, लोक कलाकारों ने प्रस्तुत की सिरमौर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत।
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के प्रांगण में शनिवार को सिरमौर की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिली। रेणुका विकास बोर्ड की ओर से आयोजित बुडाह लोक नृत्य कार्यक्रम में जिले के छह पारंपरिक लोकनृत्य दलों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक मंगल ध्वनियों और तालों के साथ हुआ। इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच बुडाह नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन पर लोक गायकों ने सामूहिक नृत्य किया और गीतों के माध्यम से उपस्थित लोगों को मंगलकामनाएं प्रदान कीं।
जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने बुडाह नृत्य के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिरमौरी सभ्यता के शुरुआती इतिहास को समझने में लोक संगीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सिरमौर में बुडाह नृत्य दीपावली के अवसर पर अमावस्या से लेकर भैया दूज तक किया जाता है। इस नृत्य की शुरुआत में इसके इतिहास का भी गायन किया जाता है। लोक मान्यता के अनुसार, बुडाह नृत्य को पांडवों ने भगवान श्रीकृष्ण के परामर्श से व्यवस्थित किया था।
उन्होंने बताया कि बुडाह नृत्य के दौरान ऐतिहासिक वीरगाथाओं, युद्ध गाथाओं और हारुलों का गायन किया जाता है। इस लोकनृत्य की खास पहचान इसकी पारंपरिक वेशभूषा भी है। कलाकार चोलना, डांगरा और पारंपरिक आभूषणों से सुसज्जित होकर बांसुरी, हुड़का, थाली, दमामु और दमांटु जैसे वाद्य यंत्रों की धुनों पर झूमते हुए गायन और नृत्य प्रस्तुत करते हैं।
कार्यक्रम में गिरी आर हटी कला मंच गुंडाह, गुगा महाराज बुढ़ियात क्लब क्यारका, गोगा वीर सांस्कृतिक कला मंच पखवान गनोग, बुडाह दल गनोग, बुडाह दल सैंज और बुडाह दल हनत के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन दलीप वशिष्ठ ने किया। इस आयोजन के माध्यम से मेले में पहुंचे लोगों को सिरमौर की प्राचीन लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक संगीत से रूबरू होने का अवसर मिला।
