
सिरमौर के सरकारी स्कूलों में 48 पदों पर भर्ती, 10वीं पास युवाओं को मिलेगा मौका; 25 और 26 नवंबर को इंटरव्यू
नाहन (सिरमौर)। सरकारी स्कूलों में नौकरी पाने के इच्छुक युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। सिरमौर जिले के दो शिक्षा खंडों में प्री-प्राइमरी कक्षाओं के लिए अंशकालिक आया/हेल्पर के 48 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 25 और 26 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सिरमौर देविन्द्र कुमार ने बताया कि राजगढ़ और खोरोंवाला शिक्षा खंड के अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों में आउटसोर्स आधार पर इन पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया मैसर्स स्काईलाइट मैनपावर एंड हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज, डेरा-परोल, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर द्वारा पूरी की जाएगी।
इस दिन और स्थान पर होंगे इंटरव्यू
भर्ती के लिए शिक्षा खंडवार इंटरव्यू का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत:
- राजगढ़ शिक्षा खंड: 29 पदों के लिए 25 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय राजगढ़ में कैंपस इंटरव्यू होंगे।
- खोरोंवाला शिक्षा खंड: 19 पदों के लिए 26 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
दोनों दिन इंटरव्यू सुबह 11 बजे शुरू होंगे।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए अभ्यर्थी का कम से कम दसवीं पास होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी अधिनियम के अनुसार वेतन प्रदान किया जाएगा।
इंटरव्यू में ये दस्तावेज लाना जरूरी
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक उम्मीदवारों से निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित रोजगार कार्यालय पहुंचने की अपील की है। अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज लाने होंगे:
- पैन कार्ड
- आधार कार्ड
- दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र
- स्थायी हिमाचली प्रमाण पत्र
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- अन्य आवश्यक दस्तावेज
अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क
भर्ती और कैंपस इंटरव्यू से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी इन दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- 9805635402
- 01972-265095
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कैंपस इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) नहीं दिया जाएगा।
