
धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार हुआ अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला, आज दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सजी संगीत की महफिल
नाहन (सिरमौर), 20 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 इन दिनों धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और मनोरंजन के रंगों से गुलजार है। 19 नवंबर को मेले के शुभारंभ के बाद से ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले के दौरान धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक संध्याओं और खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान प्रसिद्ध कलाकार किशन वर्मा, प्रदीप शर्मा और सतिंद्र सरताज ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।
आज दूसरी सांस्कृतिक संध्या, डीसी प्रियंका वर्मा रहीं मुख्य अतिथि
मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या आज 20 नवंबर को आयोजित की जा रही है, जो शुरू हो चुकी है। इस संध्या में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, प्रसिद्ध कलाकार गीता भारद्वाज, रघुवीर ठाकुर और लमन बैंड अपनी प्रस्तुतियों दे रहे हैं।
आगे की सांस्कृतिक संध्याओं में भी दिखेगा कलाकारों का जलवा
21 नवंबर को रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार मुख्य अतिथि होंगे। इस संध्या में दलजीत, कपिल शर्मा और कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
22 नवंबर को उद्योग, श्रम एवं रोजगार तथा संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान राजीव शर्मा, हन्नी नेगी और नितिश राजपूत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
23 नवंबर की सांस्कृतिक संध्या में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर राजेश त्यागी, अनुज शर्मा और इंद्रजीत अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
राज्यपाल की मौजूदगी में होगा मेले का समापन
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का समापन 24 नवंबर को होगा। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस अवसर पर दलीप सिरमौरी की सांस्कृतिक प्रस्तुति और परशुराम कथा वाचन मुख्य आकर्षण रहेंगे।
कुल मिलाकर अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता और लोक परंपराओं का अनूठा संगम बनकर उभर रहा है। आगामी दिनों में होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है।
