
श्री रेणुका जी मेले के दंगल में चंडीगढ़ के आशीष ने मारी बाजी, कैथल के जसन को हराकर जीती माली
ददाहू (सिरमौर): अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2026 के दूसरे दिन आयोजित दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबले में चंडीगढ़ के आशीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैथल के जसन को पराजित कर दंगल की माली अपने नाम कर ली।
दंगल में दोनों पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। आशीष ने बेहतरीन कुश्ती कौशल और दमदार प्रदर्शन के दम पर जसन को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मुकाबले के दौरान मौजूद दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और दंगल का भरपूर आनंद लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता काप्टा ने विजेता पहलवान आशीष को 31 हजार रुपये की नकद राशि और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता रहे कैथल के जसन को 21 हजार रुपये की नकद धनराशि और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले में दंगल का आयोजन पारंपरिक खेल संस्कृति और कुश्ती की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन के माध्यम से जहां नामी पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, वहीं दर्शकों को भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
