
नाहन: स्कूल से घर लौटे 11 वर्षीय बच्चे के चेहरे पर मिली सूजन, मारपीट के आरोप में मामला दर्ज
नाहन (सिरमौर): स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटे 11 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चा जब घर पहुंचा तो रो रहा था और उसके मुंह पर सूजन थी। पूछने पर उसने रास्ते में दो लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की बात बताई।
पुलिस थाना नाहन में प्रदीप कुमार पुत्र करतार सिंह निवासी गांव बनकला, डाकघर शंभुवाला, तहसील नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, 19 नवंबर को उनका 11 वर्षीय बेटा विहान रोजाना की तरह स्कूल गया था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह घर वापस लौटा तो रो रहा था और उसके मुंह पर सूजन आई हुई थी।
बच्चे की माता ने जब उससे रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि रास्ते में सरनवीर और उसकी पत्नी पिंकी ने सरनवीर के घर के पास उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस थाना नाहन में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है।
