
ददाहू पुल को लेकर बड़ी घोषणा: इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा होगा निर्माण, सिरमौर को जल्द मिलेंगी नई बसें
ददाहू पुल के निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाने का उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दिया आश्वासन। रेणुका क्षेत्र में डीजल बसों की संख्या बढ़ाने और नाहन-पांवटा में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार करने की भी कही बात।
नाहन (सिरमौर), 20 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सिरमौर जिले को विकास से जुड़ी कई अहम सौगातों का भरोसा दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ददाहू पुल का निर्माण मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही पूरा किया जाएगा। इसके लिए जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही जिले में परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के लिए नई डीजल बसें और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया।
ददाहू पुल को जल्द पूरा करने का दिया भरोसा
मुकेश अग्निहोत्री ने ददाहू पुल को क्षेत्र की ऐतिहासिक और राजनीतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्माण बताया। उन्होंने कहा कि इस पुल पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार का नाम अंकित है, जो प्रदेश के इतिहास का अहम हिस्सा है। पुल के निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और इसके लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने उपायुक्त सिरमौर को पुल पर लगी पट्टिका को बेहतर ढंग से संरक्षित एवं व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। विधायक विनय कुमार को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा किया जाएगा।
सिरमौर को मिलेंगी नई डीजल और इलेक्ट्रिक बसें
जिले की परिवहन व्यवस्था को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर को अब तक 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। आने वाले समय में इलेक्ट्रिक बसों की नई खेप मिलने पर जिले में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। नाहन और पांवटा साहिब जैसे क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसें बेहतर विकल्प साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि रेणुका जी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों को देखते हुए यहां डीजल बसों की अधिक आवश्यकता है। हिमाचल पथ परिवहन निगम नई डीजल बसें खरीदने जा रहा है। बसें उपलब्ध होते ही रेणुका क्षेत्र को अतिरिक्त बसें दी जाएंगी।
रेणुका बांध परियोजना का काम आगे बढ़ा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रेणुका बांध परियोजना का काम लगातार आगे बढ़ रहा है और अब क्षेत्र में टनल निर्माण भी दिखाई देने लगा है। इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए कांग्रेस पार्टी ने लंबे समय तक संघर्ष किया है।
उन्होंने सिरमौर जिले के राजनीतिक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और नाहन के विधायक अजय सोलंकी के रूप में जिले को मजबूत नेतृत्व मिला है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने नेताओं को संभालकर रखें, क्योंकि यह जिले की बड़ी राजनीतिक पूंजी हैं।
विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी रखी बात
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विधायक अजय सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और परिवहन सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। इन मांगों और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया है और चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में करीब 6,000 ऐसे बच्चे हैं, जिनके माता-पिता नहीं हैं। ऐसे बच्चों की अभिभावक प्रदेश सरकार बनी है। सरकार उनकी शिक्षा से लेकर विवाह तक का खर्च उठाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य मिल सके।
विधायक विनय कुमार ने उठाईं क्षेत्र की मांगें
इस अवसर पर रेणुकाजी के विधायक एवं श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने रेणुका विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों और समस्याओं को उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखा तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति देने का आग्रह किया।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का शुभारंभ करने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार भी जताया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्यातिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया और मेले के आयोजन तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की।
