
कोलर में रास्ते पर रखे पत्थरों को हटाने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस थाना माजरा में अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत कोलर के सुखचैनपुर में रास्ते पर रखे पत्थरों को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत में नीलम देवी पत्नी जयपाल सिंह निवासी सुखचैनपुर, डाकघर कोलर ने आरोप लगाया कि 18 नवंबर की सुबह वह अपने पति के साथ खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान उसने अपने देवर सुरेन्द्र सिंह से रास्ते में रखे पत्थर हटाने को कहा। आरोप है कि जब सुरेन्द्र ने पत्थर नहीं हटाए तो वह स्वयं उन्हें हटाने लगी। इस पर सुरेन्द्र ने मौके पर पहुंचकर उसे धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई।
शिकायत के अनुसार, जब उसका पति जयपाल सिंह बीच-बचाव के लिए आया तो सुरेन्द्र सिंह, उसकी पत्नी रीता, बेटे राहुल और बेटी माधुरी ने उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया और मारपीट की।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से रीता देवी पत्नी सुरेन्द्र पाल सिंह निवासी कोलर ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि 18 नवंबर को वह अपने खेत के साथ लगते रास्ते में काम कर रही थी। इसी दौरान जयपाल सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी वहां पहुंचे और उनके खेत की मेड़ पर रखे पत्थरों को उठाकर फेंकने लगे। जब उन्होंने ऐसा करने से रोका तो दोनों ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की।
पुलिस थाना माजरा में दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामले दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
