
सोलन: टीबी के संभावित मरीजों की पहचान से लेकर गर्भवती महिलाओं की निगरानी तक, सीएचओ की जिम्मेदारी बढ़ी
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने दिए निर्देश, टीबी नियंत्रण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
सोलन। ग्रामीण स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) को स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और मरीजों की देखभाल में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में सीएचओ के लिए एक संवेदीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें टीबी नियंत्रण, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों के साथ सबसे पहले संपर्क सीएचओ का होता है। इसलिए टीबी के लक्षणों वाले संभावित मरीजों की पहचान करना, उनके नमूने एकत्रित करवाना और जांच के लिए भेजना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने टीबी की पुष्टि होने पर मरीज का निर्धारित उपचार पूरा करवाने के साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने और आवश्यकतानुसार उन्हें टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया।
कार्यशाला के दौरान उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों को लेकर भी सीएचओ को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें और बीमारी से ग्रसित मरीजों का समय-समय पर फॉलोअप करें, ताकि शुरुआती चरण में ही बीमारी का पता लगाकर जटिलताओं को रोका जा सके।
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत मान्यता प्राप्त करने के विषय पर भी चर्चा हुई। सीएमओ ने सीएचओ को अपने चिकित्सकीय ज्ञान और कार्यक्षमता को लगातार अपडेट रखने के साथ आशा कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
वहीं, गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। गर्भवती महिलाओं का शुरुआती पंजीकरण, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन स्तर, रक्तचाप और मधुमेह की समय पर जांच करवाने पर जोर दिया गया, ताकि गर्भावस्था के दौरान संभावित जोखिमों को कम कर मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल की जा सके।
