
राष्ट्रीय फ्लैग अमेरिकन फुटबॉल में कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने गाड़े सफलता के झंडे, श्वेता ने जीता गोल्ड तो गगन ने कांस्य पदक
बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटे खिलाड़ियों का माजरा से कोटड़ी व्यास तक हुआ जोरदार स्वागत, विजय रैली निकालकर ग्रामीणों ने मनाया जश्न
पांवटा साहिब (सिरमौर)। राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। कर्नाटक के बेंगलुरु में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित फ्लैग अमेरिकन फुटबॉल की राष्ट्रीय लीग प्रतियोगिता में श्वेता ने स्वर्ण पदक, जबकि गगन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटने पर खिलाड़ियों के सम्मान में माजरा से परदूनी होते हुए कोटड़ी व्यास तक भव्य विजय रैली निकाली गई। इस दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के कोच एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी को भी फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए ग्रामीणों, अभिभावकों और समाजसेवियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले माजरा में समाजसेवी पवन चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, ‘मेरा गांव मेरा देश एक सहारा’ संस्था के संस्थापक डॉ. अनुराग गुप्ता, प्रधान पुष्पा खडूजा और हेमंत कंवर पाल ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इसके अलावा बीडीसी सदस्य राजेश सोहल ने अपनी मोबाइल शॉप पर खिलाड़ियों के सम्मान में स्वागत समारोह और टी-पार्टी का आयोजन किया। इस दौरान पंचायत सदस्य कंवर पाल, सोनू, हेमंत, मान सिंह, अनिल कुमार, सुमन, मीरा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कोटड़ी व्यास के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि ने न केवल उनके परिवारों और गांव का मान बढ़ाया है, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा दी है।
