
मां-बेटे के मिलन की अनूठी परंपरा के साथ शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला, उप मुख्यमंत्री ने उठाई भगवान परशुराम की पालकी
संगड़ाह और ददाहू को मिले नए बस अड्डों की सौगात, दो नई बस सेवाएं शुरू; ददाहू-पांवटा साहिब के बीच दौड़ेगी इलेक्ट्रिक बस
नाहन (सिरमौर)। मां रेणुकाजी से मिलने पहुंचे भगवान परशुराम की देव पालकी को जब उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने कंधों पर उठाया तो सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा के साथ अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का आगाज श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हुआ। माता-पुत्र के अटूट प्रेम और आस्था का प्रतीक यह ऐतिहासिक मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
बुधवार को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधिवत रूप से छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ददाहू से भगवान परशुराम जी की भव्य देव शोभायात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री ने देव पालकी को कंधा देकर सदियों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में भागीदारी निभाई।
इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री रेणुकाजी मेला हिमाचल प्रदेश के प्राचीन और पौराणिक मेलों में शामिल है। जनश्रुति के अनुसार भगवान परशुराम वर्ष में एक बार जामूकोटी से अपनी माता श्री रेणुकाजी से मिलने आते हैं। मां के वात्सल्य और पुत्र की श्रद्धा का यह अनूठा संगम असंख्य श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
संगड़ाह और ददाहू में बनेंगे नए बस अड्डे
मेले के शुभारंभ से पहले उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को परिवहन सुविधाओं की बड़ी सौगात देते हुए दो बस अड्डों का शिलान्यास किया। उन्होंने 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संगड़ाह बस अड्डे तथा 3.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ददाहू बस अड्डे की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि दोनों बस अड्डों का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा।
दो नई बस सेवाओं को दिखाई हरी झंडी
उप मुख्यमंत्री ने ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की दो नई बस सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें ददाहू से पांवटा साहिब के बीच शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शामिल है। इन सेवाओं से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि
श्री रेणुकाजी पहुंचने पर मुकेश अग्निहोत्री ने भारत की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर श्री रेणुकाजी के विधायक एवं श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सिरमौर जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तेपेंदर चौहान, महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष श्यामा ठाकुर, श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
