
धर्मशाला: महिलाओं के 72 हजार रूपए बकाया देने की मांग पर विधानसभा में गरजी भाजपा, जयराम ठाकुर की अगुवाई में प्रदर्शन
चार साल से अधूरी पड़ी महिलाओं को 1500 रूपए मासिक देने की गारंटी को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा, जोरावर स्टेडियम में जुटीं महिलाओं के आंदोलन को दिया समर्थन
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की गारंटी का मुद्दा गरमा गया। भाजपा विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की बकाया राशि एकमुश्त जारी करने की मांग उठाई।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद यह वादा पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है। विपक्ष के मुताबिक, चार वर्षों की अवधि के हिसाब से प्रत्येक पात्र महिला की कुल राशि करीब 72 हजार रुपये बनती है। भाजपा ने सरकार से मांग की कि महिलाओं को यह पूरी राशि एक साथ जारी की जाए।
जोरावर स्टेडियम में महिलाओं के प्रदर्शन को समर्थन
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले किया था। अब चार साल का समय बीत चुका है और महिलाओं की बकाया राशि करीब 72 हजार रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब महिलाओं को उनका पूरा हक एकमुश्त देना चाहिए।
उन्होंने जानकारी दी कि इसी मांग को लेकर जोरावर स्टेडियम में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुई हैं। महिलाएं सरकार से वादे के अनुरूप पूरी बकाया राशि जारी करने की मांग कर रही हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा महिलाओं की इस मांग का समर्थन करती है और उनके साथ खड़ी है।
जगत प्रकाश नेगी की टिप्पणी पर सदन से किया वाकआउट
विधानसभा के भीतर भी सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तल्खी देखने को मिली। राजस्व मंत्री जगत प्रकाश नेगी की सेना और राफेल विमान को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भाजपा विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताई।
जयराम ठाकुर के अनुसार, विपक्ष ने मंत्री की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की थी। इसके बावजूद मंत्री की ओर से सेना को लेकर टिप्पणी जारी रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा विधायकों ने विरोध दर्ज कराया और सदन की कार्यवाही से वाकआउट कर दिया।
इस तरह शीतकालीन सत्र के चौथे दिन महिलाओं की आर्थिक सहायता का मुद्दा और सेना को लेकर मंत्री की कथित टिप्पणी, दोनों ही विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव देखने को मिला।
