
नाहन में धमकाकर अवैध वसूली का मामला: 30 हजार रूपए नकद और शराब की दो महंगी बोतलें ऐंठने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
शिकायत वापस लेने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर कथित तौर पर की गई अवैध वसूली के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
आरोपी के कब्जे से वसूली गई ₹30,000 की नकदी और शराब की दो महंगी बोतलें बरामद की गई हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में धमकी देकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। पुलिस थाना सदर नाहन में इस संबंध में 18 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 227/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पहले शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति शिकायत वापस लेने के बदले उससे पैसों और शराब की मांग करने लगा। इतना ही नहीं, उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी गई। कथित तौर पर दबाव बनाकर उससे 30 हजार रुपये नकद और शराब की दो महंगी बोतलें मांगी गईं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, धमकियों के दबाव में आकर उसने आरोपी को 30 हजार रुपये नकद और शराब की दोनों बोतलें दे दीं। हालांकि, इसके तुरंत बाद वह पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
आरोपी से नकदी और शराब की बोतलें बरामद
शिकायत मिलने के बाद सिरमौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सहोत्रा (31), पुत्र विक्रम सहोत्रा, निवासी मकान नंबर 258/12, चिड़ावाली, नाहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूली गई 30 हजार रुपये की नकदी और शराब की दोनों महंगी बोतलें भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले का अन्वेषण पुलिस थाना सदर नाहन की ओर से किया जा रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
धमकी देकर पैसे मांगने वालों की सूचना पुलिस को दें : एसपी
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने, नौकरी से निकलवाने या किसी अन्य प्रकार की धमकी देकर पैसे अथवा कीमती वस्तुओं की मांग करता है, तो ऐसे दबाव में न आएं और न ही उसे कोई धनराशि दें।
उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा फोन कॉल, संदेश, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया है। एसपी ने कहा कि सिरमौर पुलिस इस तरह की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाएगी।
