
नाहन (सिरमौर): सिरमौर के श्री रेणुकाजी क्षेत्र में एक कार पर कथित तौर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ददाहू क्षेत्र के एक व्यक्ति की स्विफ्ट कार पर लगी नंबर प्लेट को M-Parivahan ऐप पर जांचने पर उसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद पुलिस थाना श्री रेणुकाजी में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ऋषि ठाकुर निवासी गांव जार द्राबिल, डाकघर जरग, तहसील ददाहू ने शिकायत दर्ज करवाई कि राजेंद्र कुमार निवासी गांव तिरमली दयाड़, ददाहू एक स्विफ्ट कार का इस्तेमाल करता है। कार पर HR06P9952 नंबर की प्लेट लगी हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने इस नंबर को M-Parivahan ऐप पर चेक किया तो वहां इसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि राजेंद्र कुमार ने अपनी पहचान छिपाने और धोखा देने की नीयत से कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी है।
शिकायत में यह आशंका भी जताई गई है कि इस नंबर प्लेट का इस्तेमाल किसी अपराध को अंजाम देने और बाद में वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से किया जा सकता है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया पुलिस थाना श्री रेणुकाजी में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब कार पर लगी नंबर प्लेट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
