Home आस्था एवं संस्कृति रेणुका जी मेला 2026: कल होगा भव्य शुभारंभ, मुकेश अग्निहोत्री करेंगे उद्घाटन; झील परिसर में नहीं लगेंगे स्टॉल

रेणुका जी मेला 2026: कल होगा भव्य शुभारंभ, मुकेश अग्निहोत्री करेंगे उद्घाटन; झील परिसर में नहीं लगेंगे स्टॉल

by Dainik Janvarta
0 comment

अंतर्राष्ट्रीय रेणुका जी मेले का शुभारंभ कल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे उद्घाटन; हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत होंगी व्यवस्थाएं

परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में नहीं लगेंगे व्यापारिक स्टॉल, मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने किए विशेष प्रबंध

नाहन (सिरमौर)। अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2026 के शुभारंभ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छह दिवसीय इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत आगाज 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। इस बार मेले का आयोजन उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा, जिसके तहत परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी।

मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बुधवार को श्री रेणुकाजी पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मेले का शुभारंभ करने से पहले संगड़ाह और ददाहू बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वह ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि मेले को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संदेश दिया जा रहा है। इसके अलावा प्लास्टिक के विकल्प के रूप में प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्थाओं, महाविद्यालयों और स्कूलों के एनएसएस स्वयंसेवकों का भी सहयोग लिया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने विभिन्न विभागों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

हाईकोर्ट के निर्देशों का होगा पालन

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी तरह के व्यावसायिक स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले के दौरान सभी गतिविधियां और व्यवस्थाएं निर्धारित नियमों के तहत ही संचालित होंगी।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। साथ ही प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त एकता काप्टा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.