कालाअंब-पांवटा साहिब एनएच-07 पर यूको बैंक के समीप मिला शव, एएसपी नरेंद्र कुमार ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 के किनारे यूको बैंक के समीप मारकंडा नदी की ओर ढलान में एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना कालाअंब को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दिलीप सिंह पुत्र मेहर सिंह, निवासी गांव कांडो हरयास, डाकघर भाटगढ़, तहसील रेणुकाजी के रूप में हुई है। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही व्यक्ति की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
