सिरमौर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका! 25 नवंबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव, विजेताओं को मिलेगा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर
नाहन (सिरमौर)। यदि आपमें लोक नृत्य, गायन, चित्रकला, कविता लेखन या नुक्कड़ नाटक की प्रतिभा है, तो उसे मंच पर दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय सिरमौर की ओर से 25 नवंबर, 2026 को नाहन में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रतिभाशाली युवाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रमा शर्मा ने बताया कि यह आयोजन विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के तहत किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसी दिन से राष्ट्रीय युवा सप्ताह का शुभारंभ भी होता है।
पांच विधाओं में होगा प्रतिभा का प्रदर्शन
युवा उत्सव में सांस्कृतिक श्रेणी के तहत पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और कविता लेखन शामिल हैं।
लोक नृत्य एवं लोक गीत: दोनों प्रतियोगिताओं में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह हिस्सा ले सकेगा। प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। लोक नृत्य भारतीय लोक शैली पर आधारित होना चाहिए और इसमें पहले से रिकॉर्ड किए गए संगीत का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। वहीं, लोक गीत किसी भी क्षेत्रीय भाषा में भारतीय लोक गीत होना चाहिए। गीतों का मेडले प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं होगी।
चित्रकला प्रतियोगिता: इसमें प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक चित्र प्रस्तुत कर सकेगा। चित्र बनाने के लिए अधिकतम छह घंटे का समय मिलेगा और इसके लिए A3 आकार के कागज का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी पेंसिल कलर, एक्रिलिक, वाटर कलर या क्रेयॉन में से किसी भी माध्यम का चयन कर सकते हैं। चित्र के साथ 20 से 30 शब्दों में उसका संक्षिप्त विवरण भी देना होगा। चित्र में किसी संगठन या ब्रांड का नाम अथवा प्रतीक प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा।
नुक्कड़ नाटक: इस प्रतियोगिता में अधिकतम 10 प्रतिभागियों का समूह हिस्सा ले सकता है। प्रस्तुति की अधिकतम अवधि सात मिनट होगी। इसमें केवल समूह प्रस्तुति मान्य होगी, जबकि एकल नुक्कड़ नाटक की अनुमति नहीं है।
कविता लेखन: इस प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक कविता प्रस्तुत कर सकेगा। इसके लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। कविता हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में लिखी जा सकती है।
22 नवंबर तक करवाना होगा ऑनलाइन पंजीकरण
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी के अनुसार सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं की आयु 17 अगस्त, 2026 तक 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रत्येक प्रतिभागी सांस्कृतिक श्रेणी की केवल एक प्रतियोगिता में ही हिस्सा ले सकेगा। इसके अलावा, पिछले वर्ष सांस्कृतिक श्रेणी में भाग ले चुके युवा इस वर्ष VBYLD-2027 के तहत इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक युवाओं के लिए 22 नवंबर, 2026 तक MyBharat पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। प्रतियोगिता के दिन प्रतिभागियों को जन्मतिथि सत्यापन के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मूल पहचान पत्र के साथ उसकी छायाप्रति भी लानी होगी।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र
प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी रचनात्मकता, मौलिकता, अभिव्यक्ति और प्रतियोगिता के निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तर पर विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
सभी प्रतिभागियों को जलपान उपलब्ध करवाया जाएगा, जबकि विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
सुबह 9:30 बजे पहुंचना होगा कार्यक्रम स्थल
रमा शर्मा ने जिला सिरमौर के सभी शिक्षण संस्थानों, युवा मंडलों और इच्छुक युवाओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के दिन सुबह 9:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को आने-जाने के लिए कोई यात्रा भत्ता या अन्य यात्रा व्यय (TA/DA) नहीं दिया जाएगा।
प्रतियोगिता और पंजीकरण से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय के दूरभाष नंबर 01702-224176 अथवा ई-मेल dsonhn15@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
