सिरमौर में चाकू दिखाकर बुजुर्ग अध्यापक से लूटपाट, मोबाइल और नकदी लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश
घर छोड़ने का झांसा देकर सुनसान जगह ले गए आरोपी, 75 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक को जमीन पर गिराकर दी जान से मारने की धमकी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते नजर आ रहे हैं कि अब बुजुर्ग भी सुरक्षित नहीं हैं। टोकियों पंचायत में दो बाइक सवार बदमाशों ने घर पहुंचाने का भरोसा देकर 75 वर्षीय सेवानिवृत्त अध्यापक को अपना निशाना बनाया और चाकू की नोक पर मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए।
मामला राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर ग्राम पंचायत टोकियों का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त अध्यापक दाता राम टोकियों से पैदल अपने घर भेड़ेवाला जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रास्ते में रोककर घर तक छोड़ने की पेशकश की। बुजुर्ग उनके झांसे में आ गए और बाइक पर बैठ गए।
आरोपी उन्हें घर पहुंचाने के बजाय खंड स्थित गुलशन फैक्ट्री के पीछे एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों की ओर ले गए। वहां दोनों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट करते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका मोबाइल फोन तथा करीब 1200 रुपये नकद छीन लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर धौलाकुआं की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित और उनके परिजनों में भय का माहौल है। वहीं, इलाके के लोगों में भी इस वारदात को लेकर चिंता बनी हुई है।
माजरा पुलिस को दी लिखित शिकायत
घटना को लेकर पीड़ित दाता राम, पूर्व उपप्रधान शेर सिंह और कमल ने माजरा पुलिस थाने में लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच के दौरान ग्राम पंचायत टोकियों की प्रधान अल्का रानी भी मौके पर मौजूद रहीं।
फिलहाल दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
