रामपुर में भीषण सड़क हादसा: खाई में समाई आल्टो कार, तीन लोगों की मौत; दो गंभीर घायल
पशाड़ा कैंची के पास तड़के करीब 3 बजे हुआ हादसा, जिगोचा गांव के रहने वाले थे सभी पांचों सवार
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामपुर क्षेत्र में तड़के हुए एक भीषण हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप एक आल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान पशाड़ा कैंची के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में तीन लोगों की मौत
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान रामानंद (55) पुत्र कालूराम, ओम प्रकाश (40) पुत्र मान दास और हरमेंद्र (37) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र के रूप में हुई है। तीनों रामपुर के खनेरी क्षेत्र के गांव जिगोचा के निवासी बताए गए हैं।
वहीं, हादसे में राकेश (40) पुत्र कुंभ दास और रविंद्र (38) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र घायल हुए हैं। दोनों भी गांव जिगोचा के रहने वाले हैं। घायलों को खनेरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खाई में गिरने के बाद आल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का पंजीकरण नंबर HP 92-0132 बताया गया है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से जिगोचा गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
