पिंजौर में छिपकर चला रहा था चिट्टे का नेटवर्क, पुलिस ने मुख्य सप्लायर को 49 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा
ठियोग-कोटखाई के युवाओं तक पहुंचा रहा था नशे की खेप, आरोपी के ठिकाने से 1.02 लाख रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद
शिमला। हिमाचल में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़े नेटवर्क पर चोट की है। ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में युवाओं तक नशे की सप्लाई पहुंचाने वाला मुख्य आरोपी हरियाणा के पिंजौर में छिपा बैठा था। पुलिस ने जांच की कड़ियां जोड़ते हुए आखिरकार उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 49 ग्राम चिट्टा, एक लाख रुपये से अधिक नकदी और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 12 नवंबर को हुई थी। उस दिन ठियोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोटखाई निवासी पपिल भूषण (37) और सुरेश (39) को 23 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को नशे की सप्लाई के बड़े नेटवर्क का सुराग मिला। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी हरियाणा के पिंजौर में रह रहे ओमकार उर्फ ओमी (निवासी ठियोग) से फोन के जरिए चिट्टा खरीदते थे और उसका भुगतान नकद करते थे।
इस खुलासे के बाद शिमला पुलिस की टीम ने पिंजौर में दबिश दी और 15 नवंबर को कथित मुख्य सप्लायर ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 1,02,500 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की। शुरुआती कार्रवाई में पकड़ी गई 23 ग्राम खेप को मिलाकर इस मामले में अब तक करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।
पहले भी दर्ज हैं नशा तस्करी के दो मामले
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी ओमकार उर्फ ओमी के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिंजौर में रहकर ठियोग और कोटखाई क्षेत्र में नशे की सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
2026 में बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस का अभियान केवल नशे की छोटी खेप पकड़ने तक सीमित नहीं है। पुलिस सप्लाई के असली स्रोत और नेटवर्क के पीछे काम कर रहे मुख्य तस्करों तक पहुंचने पर विशेष जोर दे रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए गए थे।
इसी तरह बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में अंतरराज्यीय नशा तस्करी के 70 नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। जबकि वर्ष 2025 और 2024 में ऐसे चार-चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
नशे के खिलाफ इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच का फोकस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई की आगे की कड़ियों का पता लगाने पर रहेगा।
