बिलासपुर की सीर खड्ड में दूसरी लापता छात्रा का शव भी बरामद, दो नाबालिगों की मौत से पसरा मातम
घुमारवीं में रविवार शाम पुल से छलांग लगाने की घटना के बाद सोमवार सुबह मिला दूसरी छात्रा का शव, दोनों दसवीं कक्षा की थीं
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में दो नाबालिग छात्राओं की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। घुमारवीं की सीर खड्ड में लापता दूसरी छात्रा का शव भी सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही रविवार शाम हुई इस घटना में जान गंवाने वाली दोनों छात्राओं की तलाश पूरी हो गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम घुमारवीं स्थित सीर खड्ड पुल से दो नाबालिग छात्राओं ने छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खड्ड में तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद रविवार को एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि दूसरी छात्रा का पता नहीं चल पाया था।
अंधेरा और ठंडा पानी बना चुनौती
दूसरी छात्रा की तलाश के दौरान अंधेरा और खड्ड का अत्यधिक ठंडा पानी बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बने। स्थानीय लोग भी देर रात तक तलाश अभियान में जुटे रहे। सोमवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान दूसरी लापता छात्रा का शव भी बरामद कर लिया गया।
दोनों छात्राएं दसवीं कक्षा में थीं पढ़ती
बताया जा रहा है कि दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थीं। इनमें से एक छात्रा प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी। दोनों की मौत की खबर से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
