Home राज्यहिमाचल प्रदेशसिरमौर नाहन में राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस: एकता कापटा बोलीं- लोकतंत्र की मजबूती के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी

नाहन में राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस: एकता कापटा बोलीं- लोकतंत्र की मजबूती के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी

by Dainik Janvarta
0 comment

लोकतंत्र की मजबूती के लिए जिम्मेदार पत्रकारिता जरूरी : एकता कापटा

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर नाहन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, सनसनी के बजाय तथ्यों और जनहित को प्राथमिकता देने पर दिया जोर

नाहन (सिरमौर)। लोकतंत्र में मीडिया केवल खबरें पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद की मजबूत कड़ी है। ऐसे में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, तथ्यात्मकता और नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। यह बात अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।

एकता कापटा ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने, समाज को जागरूक करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने के साथ जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से सामने लाना भी है।

भारतीय प्रेस परिषद द्वारा इस वर्ष राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के लिए निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार साझा करते हुए उन्होंने जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता निष्पक्षता, तथ्यों की प्रमाणिकता, संतुलित प्रस्तुति और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करना, सभी पक्षों को उचित स्थान देना और जनहित को सर्वोपरि रखना पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया के तेजी से विस्तार के दौर में पत्रकारिता की नैतिक जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। सूचनाओं की तेजी के बीच उनकी सत्यता सुनिश्चित करना तथा सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करना पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए अनिवार्य है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सूरत पुंडीर ने ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सही, निष्पक्ष और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध करवाना है। समाचारों में सनसनी पैदा करने के बजाय तथ्यों, विश्वसनीयता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इसकी सार्थकता समाज के प्रति जवाबदेही तथा पत्रकारों की निष्पक्ष कार्यशैली में निहित है।

इससे पहले जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि सूचनाओं के तेजी से प्रसार के इस दौर में उनकी सत्यता की पुष्टि करना और भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोकना पत्रकारिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रस्तुत करते समय संवेदनशीलता, संतुलन और तथ्यों की प्रमाणिकता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि पाठकों और दर्शकों का विश्वास बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर सार्थक चर्चा की गई। इस अवसर पर पत्रकारिता के विद्यार्थियों को भी मीडिया क्षेत्र में पेशेवर नैतिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के महत्व को समझने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में सिरमौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों सहित नाहन महाविद्यालय के पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.