जोहड़ों में गलत दिशा से आई तेज रफ्तार बाइक कार से टकराई, चालक घायल
NH-07 पर हुआ हादसा, घायल बाइक सवार को निजी अस्पताल पहुंचाया गया
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर जोहड़ों के पास एक मोटरसाइकिल और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार धर्मेंद्र शर्मा निवासी श्यामपुर, डाकघर सत्यानारायण टेंपल, तहसील ऋषिकेश, जिला देहरादून (उत्तराखंड) ने बताया कि वह 15 नवंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे अपने माता-पिता के साथ कार नंबर HR03K-8661 में घर से पंचकूला जा रहे थे।
जब वह पांवटा साहिब के जोहड़ों में NH-07 पर पहुंचे तो अचानक सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रहा एक मोटरसाइकिल चालक उनकी कार से बाईं तरफ टकरा गया। टक्कर लगने के बाद मोटरसाइकिल चालक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
शिकायतकर्ता ने अन्य लोगों की मदद से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए सूरजपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान अनीश खान के रूप में हुई है।
पुलिस थाना माजरा में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
