हरिपुरधार में तीन मंजिला मकान में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने 8 लोगों को दबोचा
ताश के 52 पत्तों पर लग रहे थे दांव, मौके से 36,200 रुपये नकद बरामद
संगड़ाह (सिरमौर)। पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने हरिपुरधार में जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में दबिश देकर 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 36,200 रुपये की नकदी और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 नवंबर को पुलिस टीम हरिपुरधार के पास गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरिपुरधार निवासी सोहन सिंह पुत्र श्री मगनी राम के तीन मंजिला मकान में कुछ लोग पैसों पर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान दूसरी मंजिल के एक कमरे में आठ व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी को मौके पर ही काबू कर लिया।
पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राज ठाकुर निवासी हरिपुरधार, राकेश शर्मा निवासी चुनवी, रवि निवासी भलावन, बलवीर सिंह निवासी दियुड़ी, राजेंद्र सिंह निवासी कुलग, वेद प्रकाश निवासी गेहल, कपिल निवासी दियुड़ी और हरदेव निवासी कुलग के रूप में हुई है। ये सभी सिरमौर और शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से कुल 36,200 रुपये नकद और जुए में इस्तेमाल किए जा रहे ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं। सभी आठ व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
