अम्बोया में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 9 लोग घायल
उतराई और तीखे मोड़ पर हुआ हादसा, घायलों को 108 और निजी वाहनों से पहुंचाया अस्पताल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत अम्बोया के पास एक पिकअप वाहन के पलटने से 9 लोग घायल हो गए। हादसा 15 नवंबर को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हुआ। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रमोद कुमार निवासी गांव कुनेर धमोण, डाकघर गोरखुवाला, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि वह अम्बोया में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल अपने घर धमोण लौटने के लिए लिफ्ट का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान अम्बोया की तरफ से एक पिकअप वाहन आया, जिसमें कुछ पुरुष और महिलाएं सवार थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पिकअप चालक को हाथ से रुकने का इशारा किया, लेकिन तेज रफ्तार, उतराई और तीखे मोड़ के कारण पिकअप सड़क पर कंडक्टर साइड पलट गई। इसके बाद उसने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
हादसे में सत्या देवी, साधु राम, अत्रो देवी, हेम्मत, धीरज, शयरो देवी, बाला देवी, नीमा देवी और रीना देवी घायल हुए हैं। सभी घायल गांव अपर धमोण के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने पिकअप नंबर HP17C-3488 के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तारी से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
