हिमाचल: भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर पर्यटकों से भरी टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, 12 घायल
कुल्लू। पहाड़ी सड़क पर सफर कर रहे पर्यटकों के लिए एक बार फिर हादसे की खबर सामने आई है। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर अचानक एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिले में भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर सरसाड़ी के समीप पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में कई पर्यटक सवार थे। हादसे में कुल 12 पर्यटकों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने भी अपने वाहन रोककर राहत कार्य में सहयोग किया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सड़क से नीचे गिरे वाहन तक पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल सभी 12 पर्यटकों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
फिलहाल टेंपो ट्रैवलर के सड़क से नीचे गिरने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
