राजगढ़: 10 वर्षीय बच्चे को पालतू कुत्ते ने काटा, पीठ से निकलने लगा खून; पुलिस ने दर्ज किया मामला
राजगढ़ (सिरमौर)। शादी समारोह से घर लौट रहे 10 वर्षीय बच्चे पर रास्ते में कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से बच्चे की पीठ पर चोट आई और खून निकलने लगा। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
मामला पुलिस थाना राजगढ़ के अंतर्गत टिक्कर गांव का है। पुलिस को दी शिकायत में जसबीर सिंह पुत्र अजमेर सिंह निवासी टिक्कर ने बताया कि 14 नवंबर को वह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
शिकायत के अनुसार, समारोह से वापस लौटते समय उनका 10 वर्षीय बेटा यशप्रीत अपने एक दोस्त के साथ पैदल घर आ रहा था। शाम करीब 4:30 बजे जब दोनों इंदु धवन के घर के ऊपर सड़क के पास पहुंचे तो वहां मौजूद सफेद रंग के कुत्ते ने यशप्रीत की पीठ पर दाहिनी तरफ काट लिया।
बताया गया कि कुत्ते के गले में पट्टा लगा हुआ था। घटना के बाद बच्चा रोता हुआ घर पहुंचा। जब पिता ने उसकी पीठ पर चोट देखी तो वहां से खून निकल रहा था। इसके बाद परिजन बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना राजगढ़ में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया है।
