पांवटा साहिब (सिरमौर)। आलू का बीज खरीदने निकले एक व्यक्ति के साथ रास्ते में मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो भाइयों ने पहले रास्ता रोककर हाथ-मुक्कों और डंडों से हमला किया, फिर कुछ समय बाद घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकियां भी दीं।
मामला पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत खोड़ोवाला गांव का है। पुलिस को दी शिकायत में हेमराज पुत्र स्वर्गीय सीता राम निवासी खोड़ोवाला ने बताया कि 14 नवंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल (HP17F-6137) पर आलू का बीज खरीदने के लिए राज कुमार की दुकान पर गया था। हालांकि, दुकान पर उसे बीज नहीं मिला।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह वापस घर लौट रहा था तो रास्ते में मंजीत और हरजीत पुत्र मोहन लाल निवासी खोड़ोवाला ने उसका रास्ता रोक लिया और हाथ-मुक्कों व डंडों से मारपीट की।
हेमराज ने आरोप लगाया कि घटना के कुछ समय बाद मंजीत, हरजीत और उनकी मां महिन्द्रो देवी उसके घर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करने के साथ धमकियां दीं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
