Table of Contents
हिमाचल: ड्रोन प्रोजेक्ट की करोड़ों की फंडिंग का दावा जांच में फर्जी, IIT जोधपुर जाने की बात भी निकली गलत
करोड़ों की फंडिंग और बड़े संस्थान में प्रोजेक्ट पेश करने के दावों पर जांच रिपोर्ट ने उठाए गंभीर सवाल।
236 पन्नों की रिपोर्ट में सामने आईं कई अहम जानकारियां, कथित अनुबंध पर भी नहीं मिले कॉलेज प्राचार्य के हस्ताक्षर।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने का दावा करने वाले छात्र सर्वेश शर्मा का मामला जांच में कई नए खुलासों के साथ सामने आया है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार, सर्वेश शर्मा ने आईआईटी जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाग ही नहीं लिया था। आईआईटी जोधपुर ने ईमेल के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। इसके साथ ही प्रोजेक्ट से संबंधित बताए जा रहे कथित अनुबंध की प्रमाणिकता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
236 पन्नों की रिपोर्ट में सामने आईं अहम बातें
मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने 236 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट और डिजिटल फुटप्रिंट से जुड़ी रिपोर्ट तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को सौंप दी है। जांच में पाया गया कि 39 पन्नों के कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं हैं।
इसके बजाय दस्तावेज पर ऐसे हस्ताक्षर पाए गए हैं, जो डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (DIO) के पोर्टल पर सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम से दर्शाए गए हैं। इन हस्ताक्षरों की वास्तविकता जानने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने डीआईओ से संपर्क किया है। उल्लेखनीय है कि डीआईओ पहले ही ड्रोन प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग मिलने संबंधी दावों को गलत बता चुका है।
ईमेल के स्क्रीनशॉट और दस्तावेजों में भी मिली कमियां
कमेटी ने छात्र की ओर से कॉलेज प्रबंधन को उपलब्ध करवाए गए ईमेल के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की। इस दौरान दस्तावेजों में ब्राउजर और ईमेल एड्रेस से जुड़े जरूरी तकनीकी विवरण उपलब्ध नहीं मिले। जांच में यह भी सामने आया कि 15 अक्तूबर से पहले ही डीआईओ और कॉलेज प्रबंधन के बीच ईमेल के जरिए बातचीत शुरू हो चुकी थी। इस अवधि में डीआईओ की सर्वेश शर्मा से भी बातचीत हुई थी।
27 अक्तूबर को डीआईओ से की थी ठगी की शिकायत
जांच के मुताबिक, सर्वेश शर्मा ने 27 अक्तूबर को डीआईओ को ईमेल भेजकर खुद ठगी का शिकार होने की शिकायत की थी। इसके अगले दिन ही डीआईओ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट जारी कर ड्रोन प्रोजेक्ट की फंडिंग से जुड़े दावों को खारिज कर दिया था।
डीआईओ की इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट जब कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा हुए तो मामला और गंभीर हो गया।
हॉस्टल की बालकनी से गिरकर घायल हुआ था छात्र
डीआईओ की पोस्ट के स्क्रीनशॉट प्रसारित होने के बाद सर्वेश शर्मा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कुछ समय बाद वह हॉस्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।
डीआईओ से मांगा जाएगा हस्ताक्षरों पर स्पष्टीकरण
तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौड़ के अनुसार, कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं पाए गए हैं। दस्तावेज में डीआईओ के पोर्टल पर दर्शाए गए सेना के वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर होने की बात सामने आई है। विभाग अब इन हस्ताक्षरों की सत्यता की पुष्टि के लिए डीआईओ से पत्राचार करेगा।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद अब इस पूरे प्रकरण में कथित फंडिंग, दस्तावेजों और संबंधित दावों की वास्तविकता को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
