मोगीनंद में घर से बिक रही थी अवैध शराब! पुलिस ने छापेमारी कर 12 बोतलें की बरामद
कालाआंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाआंब के मोगीनंद में एक घर से अवैध देसी शराब बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली, जहां से देसी शराब की 12 बोतलें बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को कालाआंब पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोगीनंद स्थित हिमुडा कॉलोनी से आगे एक महिला अपने घर से अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा कर रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित घर की तलाशी ली। इस दौरान महिला के कब्जे से कुल 12 बोतलें देसी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी महिला महिंदर कौर पत्नी गगन सिंह, निवासी गांव एवं डाकघर मोगीनंद के खिलाफ पुलिस थाना कालाआंब में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कालाअंब थाने में मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
