पांवटा साहिब में 50 रुपये के बदले 100 रुपये देने का लालच देकर खिला रहा था जुआ, आरोपी गिरफ्तार
भुपपुर फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर चल रहा था जुए का खेल, पुलिस को देखकर मौके पर जुटे लोग फरार। पुलिस ने एक व्यक्ति को दबोचकर 2,000 रुपये नकद और तीन प्लास्टिक की गिट्टियां बरामद कीं।
पांवटा साहिब (सिरमौर), 13 नवंबर। पांवटा साहिब के भुपपुर क्षेत्र में सड़क किनारे जुए का खेल चलने का मामला सामने आया है। यहां लोगों को 50 रुपये के बदले 100 रुपये देने का लालच देकर जुआ खिलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को पांवटा साहिब पुलिस की टीम गश्त के दौरान भुपपुर के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरप्रीत सिंह नाम का व्यक्ति भुपपुर फ्लाईओवर के साथ नीचे जाने वाली सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को गिट्टियों के माध्यम से जुआ खिला रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां सड़क के बाईं तरफ एक व्यक्ति के आसपास काफी लोग खड़े थे। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद अन्य लोग भाग निकले, जबकि पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र सतपाल सिंह निवासी वार्ड नंबर-1, बद्रीपुर, पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से 2,000 रुपये नकद और तीन प्लास्टिक की गिट्टियां बरामद कीं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
