राजगढ़ में पंजाब के दो युवक 2.65 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार, बाइक पर सवार होकर आ रहे थे दोनों
चुरुवाधार के पास पुलिस ने नाकेबंदी कर बाइक सवारों को रोका। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 2.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
राजगढ़ (सिरमौर), 13 नवंबर। सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजगढ़ क्षेत्र में पंजाब के दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर नोहराधार से राजगढ़ की ओर आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को जिला सिरमौर की डिटेक्शन सेल राजगढ़ की टीम चुरुवाधार के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बाइक नंबर PB05 AE 8248 पर सवार दो व्यक्ति चिट्टा लेकर नोहराधार से राजगढ़ की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बाइक को रोक लिया। बाइक चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ करने पर उनकी पहचान अतुल वर्मा पुत्र सीताराम वर्मा निवासी बाजार नंबर-2, फिरोजपुर कैंट तथा चेतन पुत्र रविकुमार निवासी बाजार नंबर-1, रामबाग रोड, फिरोजपुर कैंट, जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस ने नियमानुसार दोनों की तलाशी ली, जिसमें 2.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
