पच्छाद में 1.20 ग्राम चिट्टे के साथ नाहन का युवक गिरफ्तार, गाड़ी से नकदी और वजन मशीन बरामद
पुलिस को देखकर गाड़ी से उतरकर भागने लगा चालक, रास्ते में फेंकी संदिग्ध वस्तु ने खोला राज। तलाशी में 1.20 ग्राम चिट्टा, डिजिटल वजन मशीन और 13,500 रुपये नकद बरामद हुए।
सराहां (सिरमौर)। जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने सराहां में एक युवक को 1.20 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी से डिजिटल वजन करने वाली मशीन और 13,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को पच्छाद पुलिस की टीम SVN कॉलोनी सराहां के पास मौजूद थी। इसी दौरान सड़क के बीच खड़ी गाड़ी नंबर HP18A-9562 के चालक को पुलिस ने वाहन हटाने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक गाड़ी से उतरकर भागने लगा और इसी दौरान उसने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु सड़क किनारे फेंक दी।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को काबू किया और फेंकी गई वस्तु की जांच की। तलाशी के दौरान उसमें से 1.20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान रोबिन शर्मा पुत्र गुरुदत्त शर्मा निवासी गांव धीरथ, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
