सिरमौर: बड़वास-चौकी मिरगवाल सड़क पर 7,650 मीट्रिक टन मलबे की होगी नीलामी, 20.65 लाख रुपये तय हुई आरक्षित राशि
भूस्खलन के कारण सड़क पर जमा हुई खनिज सामग्री की नीलामी 17 नवंबर को होगी। इच्छुक बोलीदाता मौके पर जाकर सामग्री का निरीक्षण कर सकेंगे।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में बड़वास-चौकी मिरगवाल सड़क पर भूस्खलन के कारण जमा हुई करीब 7,650 मीट्रिक टन मलबा एवं खनिज सामग्री को नीलाम किया जाएगा। खनन विभाग की ओर से इस सामग्री की नीलामी 17 नवंबर, 2026 को दोपहर 12:30 बजे तहसीलदार कमरऊ के कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
खनन अधिकारी जिला सिरमौर ने बताया कि यह सामग्री लोक निर्माण विभाग मंडल शिलाई के अंतर्गत बड़वास-चौकी मिरगवाल सड़क (एनएच-707) के किलोमीटर 0/00 पर भूस्खलन के कारण एकत्रित हुई है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि से पहले संबंधित स्थल पर पहुंचकर खनिज सामग्री का निरीक्षण कर सकते हैं।
20.65 लाख रुपये निर्धारित की गई आरक्षित राशि
नीलामी के लिए खनिज सामग्री की कुल आरक्षित राशि 20,65,500 रुपये (बीस लाख पैंसठ हजार पांच सौ रुपये) निर्धारित की गई है। बोली प्रक्रिया में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को 10,000 रुपये की सुरक्षा राशि जमा करवानी होगी। यह राशि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोलीदाताओं को वापस कर दी जाएगी।
नीलामी में सफल रहने वाले बोलीदाता को कुल बोली राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा तुरंत जमा करवाना होगा। शेष 75 प्रतिशत राशि नीलामी की तारीख से एक माह के भीतर जमा करवानी अनिवार्य होगी। तय समय सीमा में पूरी राशि जमा नहीं करवाने पर जमा की गई राशि जब्त कर ली जाएगी।
रॉयल्टी बोली राशि में शामिल, टीसीएस अलग देना होगा
सफल बोलीदाता को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरी खनिज सामग्री का उठान करना होगा। बोली में लगाई गई राशि में रॉयल्टी शामिल रहेगी, जबकि टीसीएस की राशि अलग से जमा करवानी होगी।
नीलामी की शर्तों के अनुसार संबंधित अधीनस्थ अधिकारी को बिना कोई कारण बताए नीलामी प्रक्रिया रद्द करने का पूर्ण अधिकार रहेगा। इसके अतिरिक्त नीलामी से जुड़ी अन्य सभी शर्तें निर्धारित नियमों के अनुसार लागू होंगी।
