सिरमौर: शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों के साथ मारपीट, भारापुर में रास्ता रोककर पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पांवटा साहिब। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में ही टेंट के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज की और मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर माजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को गगन कुमार और अशोक कुमार निवासी गांव भारापुर, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। खाना खाने के बाद जब दोनों घर लौटने लगे तो टेंट के पास लवनीश उर्फ लक्की, मोहित और सुमित कुमार ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
12 नवंबर को गगन कुमार और अशोक कुमार की शिकायत पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है।
