सिरमौर: संगड़ाह में झाड़ियों के पीछे चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा; 32,400 रुपये बरामद
संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र में झाड़ियों के पीछे ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली तो टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 32,400 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को पुलिस थाना संगड़ाह की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान जोहड़िया के पास सूचना मिली कि जोहड़िया से ऊपर चाबधार में कुछ व्यक्ति पैसों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां झाड़ियों के पीछे दो व्यक्ति ताश खेलते हुए मिले। पुलिस ने दोनों को काबू कर उनकी पहचान लाल सिंह पुत्र नैन सिंह, निवासी गांव गैहल, डाकघर कोरग, उपतहसील हरिपुरधार और सुखबीर सिंह पुत्र मेला राम, निवासी गांव टूहेरी, डाकघर सैंज, तहसील संगड़ाह के रूप में की।
पुलिस ने दोनों के पास से कुल 32,400 रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस थाना संगड़ाह में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
