मोगीनंद में बाइक सवार को पीछे से टक्कर मारकर फरार हुई कार, सड़क किनारे गिरकर घायल हुआ युवक
आदित्य कंपनी से ड्यूटी खत्म कर नाहन लौट रहा था बाइक सवार, अथर्व फिलिंग स्टेशन के पास हुआ हादसा; कार का नंबर नहीं देख पाया पीड़ित
कालाअंब (सिरमौर)। ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे एक युवक को पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक बाइक सहित सड़क किनारे जा गिरा और घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस थाना कालाअंब में अमित कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी मकान नंबर 463/2, मोहल्ला हरिपुर, नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 9 नवंबर को वह आदित्य कंपनी रामपुर जटांन से ड्यूटी खत्म करके अपनी मोटरसाइकिल नंबर HP18B-6681 पर घर नाहन की ओर जा रहा था।
रात करीब 8 बजे जब वह मोगीनंद में अथर्व फिलिंग स्टेशन के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रही एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर लगने से वह मोटरसाइकिल सहित सड़क किनारे गिर गया और उसे चोटें आईं।
हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। शिकायतकर्ता कार का नंबर भी नहीं पढ़ पाया।
अमित कुमार ने आरोप लगाया है कि वह अपनी सही दिशा में मोटरसाइकिल चला रहा था और अज्ञात कार चालक की तेज रफ्तार व लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
पुलिस थाना कालाअंब में अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की पहचान करने सहित मामले की जांच कर रही है।
