पांवटा साहिब में पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, यमुना पाथ पर फेंका चिट्टा; 2.72 ग्राम हेरोइन बरामद
पुलिस टीम ने पीछा कर मौके पर दबोचा आरोपी, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस को सामने देखकर रास्ता बदलना और फिर जेब से कोई वस्तु निकालकर सड़क किनारे फेंकना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया और फेंकी गई वस्तु की जांच की तो उसमें 2.72 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार 10 नवंबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम विश्वकर्मा चौक से होते हुए यमुना ब्रिज की ओर पहुंची। वहां एक व्यक्ति सामने से पुलिस वाहन आता देखकर अचानक यमुना पाथ की तरफ मुड़ गया और तेज गति से चलने लगा। वह बार-बार पीछे मुड़कर भी देख रहा था।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख उक्त व्यक्ति ने पैंट की जेब से एक वस्तु निकालकर यमुना पाथ सड़क के किनारे फेंक दी और आगे की ओर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
इसके बाद सड़क किनारे फेंकी गई वस्तु को उठाकर जांच की गई तो वह पाउडरनुमा पदार्थ निकला। जांच में इसे स्मैक/हेरोइन पाया गया, जिसका कुल वजन 2.72 ग्राम निकला।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राहुल चौहान पुत्र सुरत सिंह चौहान निवासी गांव व डाकघर शिल्ला, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के रूप में की है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
