नाहन-पांवटा NH-07 पर सड़क के गड्ढे में गिरी बाइक, उछलकर सड़क पर गिरी पीछे बैठी महिला; अस्पताल में मौत
शंभूवाला के पास नारियल की रेहड़ी के नजदीक हुआ हादसा, महिला ने नहीं पहना था हेलमेट; पुलिस ने मामला दर्ज किया
नाहन (सिरमौर)। नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर सड़क के गड्ढे में मोटरसाइकिल गिरने से पीछे बैठी महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक के गड्ढे में गिरते ही महिला उछलकर सड़क पर मुंह के बल जा गिरी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस थाना नाहन में प्रवीण पत्नी सुरेंद्र सिंह निवासी शंभूवाला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 11 नवंबर की सुबह शंभूवाला में NH-07 पर नारियल की रेहड़ी के पास यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल नंबर HP18C-7477 पांवटा साहिब से नाहन की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में बाइक गिर गई। मोटरसाइकिल के पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर मुंह के बल गिर गई।
महिला ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोटरसाइकिल चालक की पहचान ध्रुव कुमार पुत्र चमन लाल के रूप में हुई है।
शिकायत के अनुसार, हादसे का कारण सड़क पर बने गड्ढे के साथ मोटरसाइकिल चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही बताया गया है।
पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर NH-07 पर सड़क की स्थिति और गड्ढों से जुड़े सड़क सुरक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।
