घुमारवीं बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा: इलेक्ट्रिक बस के पिछले टायर के नीचे आया युवक, मौके पर मौत
बस स्टैंड से निकल रही जंगलबेरी-शिमला रूट की बस बनी हादसे की वजह, घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने घुमारवीं बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मचा दी। जंगलबेरी से शिमला जा रही एक इलेक्ट्रिक बस के पिछले पहिए की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब इलेक्ट्रिक बस घुमारवीं बस स्टैंड से अपने निर्धारित रूट पर रवाना होने के लिए बाहर निकल रही थी। इसी दौरान बस के पिछले टायर के नीचे एक युवक आ गया। बस की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से कुचल गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा बस स्टैंड के समीप एक गारमेंट्स की दुकान के पास हुआ। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और युवक बस की चपेट में कैसे आया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
