मंडी में पंजाब मार्का बीयर की 200 पेटियां जब्त, बिना परमिट ले जाई जा रही थी खेप
तड़के 3 बजे पुलिस की नाकाबंदी में पकड़ा गया महिंद्रा वाहन, पेटियों पर लिखा था ‘For Sale in Punjab’; चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
मंडी। हिमाचल में शराब की सप्लाई को लेकर पुलिस की चेकिंग के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें बीयर की पूरी खेप ही सवालों के घेरे में आ गई। वाहन में लदी 200 पेटियों पर साफ तौर पर ‘For Sale in Punjab’ लिखा था, लेकिन इन्हें ले जाने के लिए चालक के पास कोई वैध परमिट मौजूद नहीं था।
मामला मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र का है। पुलिस ने 11 नवंबर को तड़के करीब 3 बजे 7 मील के समीप नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर बीयर की 200 पेटियां बरामद हुईं।
पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित थी बीयर
जांच के दौरान पुलिस को बीयर की पेटियों पर ‘For Sale in Punjab’ का मार्का मिला। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक से बीयर के परिवहन से संबंधित परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे। हालांकि, चालक मौके पर कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
नियमों के अनुरूप दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने बीयर की पूरी खेप और महिंद्रा वाहन को कब्जे में ले लिया।
कहां से आई खेप, कहां होनी थी सप्लाई?
पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि बीयर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस परिवहन के पीछे कौन लोग शामिल हैं और पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित बीयर हिमाचल में किस उद्देश्य से लाई जा रही थी।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 7 मील के पास जांच के दौरान एक महिंद्रा वाहन से बीयर की 200 पेटियां बरामद की गई हैं। चालक इनके परिवहन का वैध परमिट नहीं दिखा सका। पुलिस ने बीयर और वाहन को जब्त कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
