शिलाई में हादसा: ढलान पर खड़ी गाड़ी अचानक लुढ़की, अंदर बैठे व्यक्ति की मौत
कुंहट गांव में घास लेकर लौट रहे थे तीन लोग, हैंडब्रेक नहीं लगाने से हुआ हादसा; पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज
शिलाई (सिरमौर)। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी अचानक पीछे की ओर लुढ़ककर गहरी ढांक में जा गिरी। हादसे के समय गाड़ी के अंदर बैठे व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी जान चली गई।
सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के कुंहट गांव में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में मोहन सिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 9 नवंबर को रणदीप चौहान, मोहन सिंह और यशपाल सिंह गाड़ी नंबर HP17B-0718 में घास लेने के लिए घासण गए थे। गाड़ी यशपाल सिंह चला रहा था।
घास लेकर तीनों वापस कुंहट पहुंच रहे थे। सुबह करीब 10:30 बजे चालक ने गाड़ी सड़क पर रोक दी और घास उतारने के लिए नीचे उतर गया। शिकायतकर्ता रणदीप चौहान भी गाड़ी से बाहर आ गया, जबकि गाड़ी का मालिक मोहन सिंह अंदर ही बैठा रहा।
इसी दौरान गाड़ी अचानक पीछे की ओर चल पड़ी और ढांक में नीचे जा गिरी। हादसे में मोहन सिंह की गाड़ी के अंदर ही मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि चालक ने गाड़ी असुरक्षित स्थान पर खड़ी की थी और हैंडब्रेक भी नहीं लगाया था। इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
पुलिस थाना शिलाई में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही।
