रेणुकाजी मेले में प्रस्तुति देने का मौका, 16 नवंबर को नाहन में होंगे कलाकारों के ऑडिशन
सिरमौर सहित अन्य जिलों के गायकों और कलाकारों को मिलेगा मंच, 19 से 24 नवंबर तक होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के लिए होगा चयन
नाहन (सिरमौर)। अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का इंतजार कर रहे स्थानीय कलाकारों के लिए अच्छी खबर है। मेले में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों का चयन 16 नवंबर को ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा।
ऑडिशन का आयोजन प्रातः 11 बजे एसएफडीए सभागार, नाहन में होगा। इसके माध्यम से जिला सिरमौर सहित अन्य जिलों के श्रेणी ‘सी’ और ‘डी’ के कलाकारों का चयन किया जाएगा। चयनित कलाकारों को मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में 19 से 24 नवंबर, 2026 तक अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा।
कलाकारों को ऑडिशन के दौरान वही गीत या प्रस्तुति पेश करनी होगी, जिसे वे मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुत करना चाहते हैं। ऑडिशन कलाकार चयन समिति की निगरानी में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कलाकारों का पंजीकरण मौके पर ही किया जाएगा।
ऑडिशन में चयनित कलाकारों को उनकी प्रस्तुति की निर्धारित तिथि के बारे में दूरभाष के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
वहीं, श्रेणी ‘ए’ और ‘बी’ के उन कलाकारों का चयन ऑडिशन के बजाय सांस्कृतिक समिति द्वारा किया जाएगा, जिन्हें आकाशवाणी, दूरदर्शन अथवा किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ए या बी हाई ग्रेड प्राप्त है। ऐसे कलाकारों का चयन उनके आवेदन, पूर्व में गायन के रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर किया जाएगा।
संपर्क के लिए: ऑडिशन एवं कलाकारों के चयन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01702-223115 पर संपर्क किया जा सकता है।
