हिमाचल: मां के बेहोश होते ही पानी की बाल्टी में गिरा ढाई साल का मासूम, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
घर में कपड़े धो रही मां को अचानक आया चक्कर, कुछ देर बाद बाल्टी में मिला मासूम का शव; नेरचौक के डडौर में दर्दनाक हादसे से परिवार में पसरा मातम
मंडी। एक पल की अनहोनी ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। घर में खेल रहा ढाई साल का मासूम कब पानी से भरी बाल्टी का शिकार हो गया, किसी को इसका अंदाजा तक नहीं लगा। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के नेरचौक क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
घटना नगर परिषद नेरचौक के वार्ड नंबर नौ के अंतर्गत डडौर की है। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान अनिरुद्ध अबरोल के रूप में हुई है। वह रोहित अबरोल का बेटा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को अनिरुद्ध की मां घर में कपड़े धो रही थीं। कपड़े धोने के बाद वह उन्हें सुखाने के लिए घर से बाहर गईं। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आ गया और वह बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि मां के बेहोश होने के दौरान अनिरुद्ध बाथरूम की ओर चला गया, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। इसी बीच वह बाल्टी में गिर गया।
कुछ समय बाद जब मां को होश आया तो उनकी नजर बाल्टी में पड़े बच्चे पर पड़ी। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन बिना देर किए मासूम को उपचार के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
