कालाअंब में छठ पूजा की तैयारी तेज, मारकंडा नदी में उतरकर सफाई कर रहे प्रवासी लोग; 15 नवंबर से शुरू होगा महापर्व
दीपावली के बाद अब छठ पूजा की दिखेगी धूम, नदी किनारे बनाए जा रहे अस्थायी पूजा स्थल; उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश के लोगों के लिए बेहद खास है यह पर्व
कालाअंब (सिरमौर)। दीपावली की रौनक अभी खत्म भी नहीं हुई कि कालाअंब में एक और बड़े त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 15 नवंबर से शुरू होने वाले छठ महापर्व के लिए प्रवासी लोग मारकंडा नदी की सफाई में जुट गए हैं। नदी किनारे अस्थायी पूजा स्थलों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु आस्था के इस पर्व को परंपरागत तरीके से मना सकें।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से आए लोग स्थायी रूप से रह रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों की भी अच्छी संख्या है। छठ पूजा इन परिवारों के लिए बेहद खास त्योहार है। यही वजह है कि पर्व की तैयारियां दीपावली से पहले ही शुरू कर दी गई थीं।
मारकंडा नदी में सफाई अभियान, बनाए जा रहे पूजा स्थल
छठ पूजा के लिए मारकंडा नदी के किनारे तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रवासी समुदाय के लोग नदी में जमा कचरे को हटाकर सफाई कर रहे हैं। इसके साथ ही अस्थायी पूजा स्थलों का निर्माण भी किया जा रहा है। इन स्थानों को श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना के अनुकूल बनाने के लिए लोग स्वयं मेहनत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मशालों की रोशनी में जगमगाया गिरिपार, अनोखे अंदाज में मनाई दीपावली; सदियों पुरानी परंपरा ने खींचा ध्यान
इस तैयारी में कालाअंब में स्थायी रूप से रह रहे रमेश यादव, मोहित मौर्या, लीलावती, रमा देवी, सुनीता, जिग्नेश, भुवनेश, मनोज और सीताराम सहित अन्य लोग जुटे हुए हैं।
दीपावली के बाद दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है छठ पूजा
स्थानीय प्रवासी लोगों ने बताया कि छठ पूजा का अपना अलग ही धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व दीपावली के छह दिन बाद मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में छठ पूजा की विशेष परंपरा है। इन राज्यों के लोगों के लिए यह दीपावली के बाद दूसरा सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है।
उन्होंने बताया कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और आस्था से जुड़े रहने का भी अवसर है। दूसरे राज्यों में रहकर भी लोग इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं और इसके लिए सामूहिक रूप से तैयारियां करते हैं।
15 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व
छठ पूजा में सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की जाती है। श्रद्धालु जलस्रोतों के किनारे एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा करते हैं। इसी को देखते हुए मारकंडा नदी के किनारे सफाई और पूजा स्थलों की व्यवस्था की जा रही है।
बहरहाल, दीपावली के बाद अब कालाअंब में छठ पूजा की रौनक देखने को मिलेगी। मारकंडा नदी के किनारे चल रही तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि प्रवासी समुदाय के लोग अपने इस खास पर्व को लेकर कितने उत्साहित हैं।
