पांवटा साहिब: दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, किरायेदार के कमरे में लगी आग से लाखों का सामान राख; परिवार की जमा पूंजी जली
दोनों बच्चे छत पर अन्य बच्चों के साथ मना रहे थे दिवाली, पड़ोसियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा; पीड़ित परिवार ने लगाई आर्थिक मदद की गुहार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में दिवाली की खुशियों के बीच एक परिवार पर ऐसा संकट टूट पड़ा कि उसकी वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी पलभर में राख हो गई। कृष्णा विहार कॉलोनी में एक किरायेदार के कमरे में अचानक आग लगने से घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था और परिवार के दोनों बच्चे भी सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, बीती रात तारुवाला क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णा विहार कॉलोनी में अध्यापक मित्तर सिंह परमार के मकान में किराये पर रह रहे संदीप कुमार के कमरे में अचानक आग लग गई। संदीप कुमार मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा परिवार का पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
मकान मालिक मित्तर सिंह परमार ने बताया कि संदीप कुमार और उनकी पत्नी दिवाली की पूजा-अर्चना करने के बाद बाजार गए हुए थे। उनके दोनों बच्चे बेटा और बेटी मकान की छत पर अन्य बच्चों के साथ दिवाली मना रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने कमरे से धुआं उठता देखा और आग लगने की आशंका होने पर तुरंत मकान मालिक व अन्य लोगों को सूचना दी।
कॉलोनी के लोगों ने मिलकर बुझाई आग
कॉलोनी के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठुंडू के अनुसार, सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने सबसे पहले बिजली की आपूर्ति बंद करवाई और सामूहिक प्रयासों से आग पर काबू पाया। इसी बीच संदीप कुमार और उनकी पत्नी भी बाजार से वापस लौट आए। हालांकि, तब तक कमरे में रखा सारा सामान जल चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों के प्रयासों से आग शांत हो चुकी थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी हुई राख
इस घटना में सबसे अधिक नुकसान संदीप कुमार के परिवार को हुआ है। निजी कंपनी में काम करके परिवार का पालन-पोषण करने वाले संदीप कुमार की वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। परिवार के सामने अब दोबारा घर बसाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा रही कि घटना के समय दोनों बच्चे कमरे में नहीं थे और सुरक्षित रहे। यदि बच्चे कमरे में मौजूद होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
पीड़ित परिवार ने मांगी आर्थिक मदद
इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार की सहायता के लिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आमजन से यथासंभव मदद करने का आग्रह किया गया है, ताकि संदीप कुमार और उनकी पत्नी दोबारा अपनी गृहस्थी बसा सकें।
सहयोग के लिए विवरण:
नाम: Sandeep Singh
Google Pay: 8627847900
पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी इस परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने में मददगार साबित हो सकता है।
